सरगुजा। छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंह देव ने राज्य में धान खरीदी व्यवस्था और किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि धान खरीदी से पहले रकबे की तस्दीक का कार्य बुरी तरह प्रभावित हुआ है और कई किसानों का रकबा शून्य दिखाया जा रहा है, जिससे किसान अत्यधिक तनाव में हैं।
सिंह देव ने अपना व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए बताया कि पिछले साल धान बेचने के बावजूद इस बार उनके खेत का रकबा भी शून्य दिखाया जा रहा है। उनके अनुसार, पटवारी हड़ताल पर होने के कारण फसल की रिपोर्ट दर्ज नहीं कर पाए हैं, जिससे यह समस्या उत्पन्न हुई है।
उन्होंने लखनपुर जनपद के एक सरपंच का उदाहरण देते हुए कहा कि रकबा शून्य दिखाने और एक लाख रुपये से अधिक का कर्ज होने के कारण वह इतने विचलित हो गए थे कि आत्महत्या तक की बात करने लगे थे। सिंह देव ने कहा कि यह सिर्फ एक व्यक्ति की समस्या नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के किसानों की बढ़ती परेशानी का संकेत है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने सरकार की कार्यप्रणाली की अक्षमता पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज स्थिति यह है कि किसान को यह भरोसा ही नहीं बचा है कि कहीं जाने पर उसकी समस्या का समाधान हो सकेगा। उन्होंने मांग की कि सरकार धान खरीदी शुरू होने से पहले रकबा सत्यापन, गिरदावरी और किसान पंजीयन की सभी समस्याओं का त्वरित समाधान करे।
टी.एस. सिंह देव, पूर्व उपमुख्यमंत्री:
“मेरे खुद के खेत का रकबा भी शून्य दिखा रहे हैं। पिछले साल धान बेचने के बावजूद इस बार रकबा शून्य दिख रहा है, क्योंकि पटवारी हड़ताल पर हैं और फसल की रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई। लखनपुर जनपद के एक सरपंच का रकबा शून्य दिखाया गया और उस पर एक लाख रुपये से अधिक का कर्ज था। वह इतना विचलित हो गया कि आत्महत्या तक की बात करने लगा। आज किसान को यह भरोसा ही नहीं बचा है कि कहीं जाकर उसकी समस्या का समाधान हो सकेगा।”








