Home राज्य फर्जी अंकसूची से नौकरी का आरोप, आगापे मिशन स्कूल की हालत पर...

फर्जी अंकसूची से नौकरी का आरोप, आगापे मिशन स्कूल की हालत पर उठे गंभीर सवाल

121
0

अंबिकापुर: अंबिकापुर से एक फर्जी रिजल्ट लगाकर नौकरी अर्जित करने का मामला सामने आया है। वहीं दरिमा नवानगर पाटीपारा में संचालित विद्यालय अगापे मिशन स्कूल पर फर्जी अंकसूची बनाने के गंभीर आरोप लगे हैं। आंगनवाड़ी सहायिका की भर्ती में फर्जी दस्तावेज से नौकरी प्राप्त करने का आरोप सोनम कुजूर नामक महिला पर पोड़ी कला छिरोपारा की हिलासो खालको ने लगाया है। उनका कहना है कि सोनम कुजूर की आठवीं कक्षा की पढ़ाई वर्ष 2011-12 में शंकरगढ़ के मुक्तिदाता माध्यमिक स्कूल लरंगी से हुई है, तो उसी वर्ष अगापे मिशन स्कूल से पढ़ाई कैसे कर ली? हिलासो खालको ने खुद भी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का फॉर्म भरा था, जिसमें उन्हें द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है।

हिलासो खालको

हिलासो खालको: “सोनम कुजूर की आठवीं की पढ़ाई 2011-12 में शंकरगढ़ के मुक्तिदाता माध्यमिक स्कूल लरंगी से हुई है। वह शादी करके बहू बनकर गांव में आई है, तो यहां से उसने पढ़ाई कैसे कर ली? अगापे मिशन स्कूल के संचालक चेतराम कुजूर ने फर्जी अंकसूची बनाई है। इसकी जांच होनी चाहिए। मैंने भी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का फॉर्म भरा था और मुझे द्वितीय स्थान मिला है।”

 विद्यालय की हालत

खपड़े का जर्जर विद्यालय, ठंड में जमीन पर बैठाकर बच्चों की पढ़ाई और हॉस्टल में जमीन पर सोते बच्चे — यही नजारा पाटीपारा स्थित अगापे मिशन स्कूल का है। आरोप है कि आसपास के दूर-दुरांत क्षेत्रों से आदिवासी बच्चों को लाकर हॉस्टल और विद्यालय की सुविधाओं का वादा किया जाता है, लेकिन बच्चों को सोने के लिए जमीन पर रखा जाता है। आरोप है कि संचालक बच्चों से हॉस्टल के सारे काम करवाते हैं। विद्यालय को विद्या का घर नहीं, व्यापार का केंद्र बताया जा रहा है। सरगुजा की भीषण ठंड में बच्चे पतले बिस्तर के सहारे जमीन पर सोने को मजबूर हैं। देखने से यह विद्यालय का हॉस्टल कम और प्रताड़ना गृह ज्यादा नजर आता है।

जूलिया मिंज, पोड़ीकला ग्रामीण महिला

जूलिया मिंज: “बच्चों को ठंड में जमीन पर सोने के लिए रखा जाता है और हॉस्टल के सारे काम बच्चों से करवाए जाते हैं। यह सही नहीं है। बच्चों को ठीक से सोने और पढ़ने की जगह मिलनी चाहिए।”

 बलरामपुर का समान मामला

इसी तरह का एक मामला बलरामपुर के शंकरगढ़ से सामने आया था, जहां एक विद्यालय द्वारा आंगनबाड़ी सहायिका की नौकरी के लिए फर्जी रिजल्ट बनाए जाने का आरोप लगा था। उस मामले में कलेक्टर द्वारा कार्रवाई करते हुए विद्यालय के संचालक समेत आंगनबाड़ी सहायिकाओं पर कानूनी कार्रवाई की गई थी। अब सवाल यह है कि सरगुजा जिले में भी इस मामले पर कोई कार्रवाई होगी या नहीं। फिलहाल सोचने वाली बात यह है कि एक ही कक्षा की अंकसूची दो विद्यालयों से एक ही साल में कैसे बनी और इस व्यापक फर्जीवाड़े में किसकी-किसकी संलिप्तता है। फिलहाल पूरे मामले पर जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच का आश्वासन दिया है।

 मुनेश्वर बकला, पोड़ी कला सरपंच

मुनेश्वर बकला: “गांव में ऐसी घटना से लोगों में आक्रोश है। जिसका असली अंकसूची है, उसे नौकरी मिलनी चाहिए। फर्जी दस्तावेज बनाकर नौकरी लेने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए। सरकार से मांग है कि जांच हो और जिम्मेदारों पर कार्रवाई हो।”

 दिनेश कुमार झा, जिला शिक्षा अधिकारी

दिनेश कुमार झा: “मामले की शिकायत मिली है। इस पर जांच कराई जाएगी। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। फर्जी दस्तावेज बनाने या उसका इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।”

सवाल यह है कि जब तक जांच पूरी नहीं होगी, तब तक यह स्पष्ट नहीं होगा कि अंकसूची में गड़बड़ी किसने की और किसकी संलिप्तता है। लेकिन इस मामले ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विद्यालयों की निगरानी और बच्चों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करता है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here