Home राज्य जनजातीय गौरव दिवस: छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और अस्मिता को नई पहचान...

जनजातीय गौरव दिवस: छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और अस्मिता को नई पहचान देने पर जोर – मंत्री राजेश अग्रवाल

103
0
Tribal Pride Day

भगवान बिरसा मुंडा, वीर नारायण सिंह और वीर गुंडाधुर के संघर्ष एवं बलिदान को किया नमन; जनजातीय कला, लोकनृत्य, हस्तशिल्प और पर्यटन को बढ़ावा देकर स्थानीय समुदायों को रोजगार से जोड़ने की पहल पर दिया जोर

 

सरगुजा/अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण जीवनशैली से है। जनजातीय समाज ने सदियों से अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक विरासत, रीति-रिवाजों, लोककलाओं और परंपराओं को जीवंत बनाए रखा है। इसी गौरवशाली विरासत के सम्मान, संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाता है।

इस अवसर पर प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने जनजातीय समाज के ऐतिहासिक योगदान, सांस्कृतिक अस्मिता और विकास में उनकी भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए प्रदेश की जनजातीय विरासत को नई पहचान दिलाने पर जोर दिया है,पर्यटन, संस्कृति,मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि जनजातीय समाज के संघर्ष, त्याग, बलिदान और स्वाभिमान को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है। भगवान बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश शासन के अन्याय और शोषण के विरुद्ध संघर्ष कर जनजातीय समाज को अपने अधिकारों, संस्कृति और अस्तित्व की रक्षा के लिए संगठित किया। उनका जीवन साहस, सामाजिक चेतना और मातृभूमि के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती भी जनजातीय वीरों के शौर्य और बलिदान की साक्षी रही है। शहीद वीर नारायण सिंह और भूमकाल विद्रोह के महानायक वीर गुंडाधुर ने अन्याय एवं शोषण के विरुद्ध संघर्ष कर इतिहास में अमिट पहचान बनाई। इन महानायकों का योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

बस्तर से सरगुजा तक फैली है जनजातीय संस्कृति की समृद्ध विरासत

कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि बस्तर, सरगुजा, जशपुर, कांकेर, नारायणपुर, दंतेवाड़ा और प्रदेश के अन्य जनजातीय अंचल सांस्कृतिक विविधता के अनमोल केंद्र हैं। गोंड, मुरिया, माड़िया, हल्बा, उरांव, कंवर, बैगा और पहाड़ी कोरवा सहित विभिन्न जनजातीय समुदायों ने अपनी विशिष्ट पहचान और परंपराओं को पीढ़ी-दर-पीढ़ी सुरक्षित रखा है। बस्तर दशहरा, गोंचा पर्व, मड़ई मेले और सरगुजा-जशपुर की पारंपरिक सांस्कृतिक गतिविधियां प्रदेश की गौरवशाली विरासत को प्रदर्शित करती हैं। वहीं गौर नृत्य, करमा, सैला और सुआ जैसे पारंपरिक लोकनृत्य जनजातीय समाज की सामूहिकता, प्रकृति के प्रति सम्मान और सांस्कृतिक चेतना की पहचान हैं।

जनजातीय कला और हस्तशिल्प को मिलेगा व्यापक मंच

कैबिनेट मंत्री,राजेश अग्रवाल ने जनजातीय कला एवं हस्तशिल्प के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि बस्तर की ढोकरा कला, लौह शिल्प, काष्ठ शिल्प, बांस शिल्प और पारंपरिक आभूषण प्रदेश की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान हैं। इन कलाओं के संरक्षण के साथ कलाकारों और शिल्पकारों को सम्मानजनक आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनजातीय संस्कृति के संरक्षण, लोककलाओं के संवर्धन और कलाकारों को व्यापक मंच उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रही है। हमारा प्रयास है कि जनजातीय कलाकारों की प्रतिभा केवल गांवों और स्थानीय अंचलों तक सीमित न रहे, बल्कि उन्हें प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर के सांस्कृतिक मंचों पर भी अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिले।

जनजातीय पर्यटन से रोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर

पर्यटन की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के जनजातीय अंचलों में पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं हैं। बस्तर के चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी, दंतेवाड़ा की धार्मिक विरासत, सरगुजा के मैनपाट और जशपुर के प्राकृतिक पर्यटन स्थल प्रदेश को विशिष्ट पहचान प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन को स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक व्यंजन, हस्तशिल्प और जनजातीय जीवनशैली से जोड़कर स्थानीय समुदायों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं। इसके लिए समुदाय आधारित पर्यटन, ग्रामीण पर्यटन, स्थानीय गाइड, पारंपरिक खानपान और हस्तशिल्प को प्रोत्साहित करना महत्वपूर्ण है। पर्यटन का विकास इस तरह होना चाहिए कि स्थानीय परंपराओं और पर्यावरण का संरक्षण भी सुनिश्चित हो तथा आर्थिक लाभ में स्थानीय समुदायों की भागीदारी बनी रहे।

नई पीढ़ी को जनजातीय इतिहास से जोड़ना जरूरी

कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि जनजातीय इतिहास, लोकगाथाओं, पारंपरिक ज्ञान और लोकभाषाओं का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण समय की आवश्यकता है। विद्यालयों, महाविद्यालयों, संग्रहालयों और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों और उनकी गौरवशाली विरासत से परिचित कराया जाना चाहिए। साथ ही जनजातीय युवाओं को आधुनिक शिक्षा, कौशल विकास, पर्यटन और सांस्कृतिक उद्यमिता से जोड़कर विकास के नए अवसर उपलब्ध कराने पर भी ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की जल, जंगल और जमीन के संरक्षण की परंपरा आज के दौर में और भी प्रासंगिक है। प्रकृति के साथ संतुलित जीवन जीने की उनकी सीख आधुनिक समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

अंत में मंत्री राजेश अग्रवाल ने भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर सहित जनजातीय समाज के सभी ज्ञात-अज्ञात महानायकों को नमन करते हुए प्रदेशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की अस्मिता, संस्कृति, सम्मान और स्वाभिमान को सुरक्षित रखते हुए विकास के नए अवसरों का विस्तार करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here