अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में पिछले कई महीनों से दहशत का पर्याय बना अकेला हाथी एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। दीपावली की रात जब लोग त्योहार की खुशियां मना रहे थे, उसी दौरान स्थानीय स्तर पर ‘कबरा’ के नाम से पहचाने जाने वाले इस हाथी ने सूरजपुर जिले में दो लोगों को कुचलकर मार डाला। इन दो नई मौतों के बाद इस हाथी के हमलों में जान गंवाने वालों की संख्या 16 हो गई है।
पहली घटना सोनगरा के पास
जानकारी के अनुसार, यह अकेला हाथी पिछले कई महीनों से सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों के सीमावर्ती इलाकों में विचरण कर रहा है। दीपावली की रात इसने पहली बार सूरजपुर जिले के एक नए क्षेत्र में प्रवेश किया। अंबिकापुर-बनारस राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सोनगरा से लगे श्यामनगर में हाथी ने एक व्यक्ति को कुचलकर मार डाला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
फिर बतरा की ओर बढ़ा हाथी
सोनगरा के बाद हाथी रुका नहीं और लटोरी-बतरा क्षेत्र की ओर बढ़ गया। बतरा से लगे राई गांव के पास उसने एक अन्य व्यक्ति को भी कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। दोनों घटनाओं के बीच ज्यादा फासला नहीं था, इसलिए पूरे इलाके में दहशत फैल गई। दीपावली की रात दो परिवारों में मातम पसर गया।
पिछले हफ्ते भी दो की जान ली थी
यह पहली बार नहीं है जब इस हाथी ने जनहानि की है। पिछले सप्ताह ही इसने सूरजपुर जिले के कल्याणपुर क्षेत्र में दो लोगों को कुचलकर मार डाला था। उस समय मृतकों की संख्या 14 थी, और दीपावली की रात हुई दो नई घटनाओं के बाद आंकड़ा 16 पर पहुंच गया है। क्षेत्र में हर हफ्ते हो रही मौतों से ग्रामीणों की चिंता लगातार बढ़ रही है।
तेज मूवमेंट से ट्रैकिंग में दिक्कत
अकेला होने के कारण इस हाथी का मूवमेंट इतना तेज है कि वन विभाग की टीम सही तरीके से इसकी लोकेशन नहीं पकड़ पाती। टीम जहां हाथी की तलाश करने पहुंचती है, तब तक वह दूसरी जगह जनहानि कर चुका होता है। झुंड वाले हाथियों की तुलना में यह तेजी से आगे बढ़ता है, जिससे निगरानी मुश्किल हो रही है।
ग्रामीणों में शोक के साथ आक्रोश
इस क्षेत्र में सामान्य तौर पर हाथियों की आवाजाही कम रहती है, इसलिए लोग हाथी से बचाव को लेकर ज्यादा जागरूक नहीं हैं। दो लोगों की मौत के बाद ग्रामीणों में शोक के साथ वन विभाग के प्रति आक्रोश भी है। उनका आरोप है कि दीपावली के दिन हाथी की निगरानी ठीक से नहीं हो रही थी और लोगों को इसकी आवाजाही की जानकारी नहीं दी गई। ग्रामीणों ने मांग की है कि हाथी की पल-पल की लोकेशन मुनादी और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिये दी जाए और इसे जल्द से जल्द नियंत्रित किया जाए। शाम होते ही गांवों में सन्नाटा छा जाता है और लोग बच्चों को घर से बाहर नहीं निकलने देते।








