रायपुर/जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के किसानों को बड़ी सौगात देते हुए बगिया स्थित कैंप कार्यालय में 79 करोड़ 38 लाख 78 हजार रुपये की लागत से बनने वाली बगिया बैराज सह दाबयुक्त उद्वहन सिंचाई परियोजना के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इस परियोजना से जिले के 13 गांवों के 3,921 से अधिक किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और 8,454 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी।
मैनी नदी पर बनेगा बैराज
बगिया बैराज का निर्माण मैनी नदी पर स्थित पुल से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर ग्राम मुसकुटी में किया जाएगा। परियोजना के तहत पारंपरिक नहर प्रणाली की जगह आधुनिक दाबयुक्त पाइपलाइन नेटवर्क विकसित किया जाएगा, जिससे पानी की बर्बादी रुकेगी और सिंचाई दक्षता बढ़ेगी। इससे बगिया, रजौटी, सुजीबहार, डोकड़ा, पतरापाली, बांसबहार सहित आसपास के कुल 13 गांवों के किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा।
खरीफ के साथ रबी की खेती को भी बल
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती-किसानी छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था का आधार है और किसानों की समृद्धि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। पर्याप्त सिंचाई के अभाव में किसानों को कई बार मौसम और वर्षा पर निर्भर रहना पड़ता है। बगिया बैराज परियोजना पूरी होने से यह चिंता दूर होगी और किसानों को खरीफ के साथ रबी की फसल के लिए भी पानी उपलब्ध हो सकेगा। इससे वे वर्ष में एक से अधिक फसल लेकर अपनी आमदनी बढ़ा सकेंगे।
मोबाइल से संचालित होगी सिंचाई व्यवस्था
इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत इसका आधुनिक तकनीक आधारित संचालन है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सिंचाई व्यवस्था को मोबाइल के माध्यम से संचालित किया जा सकेगा और प्रदेश में इस तरह की आधुनिक तकनीक पर आधारित यह पहली परियोजना है। इससे जल प्रबंधन अधिक सुविधाजनक और प्रभावी होगा तथा किसानों को समय पर सिंचाई के लिए पानी मिल सकेगा।
किसानों और ग्रामीणों को दी बधाई
मुख्यमंत्री ने भूमिपूजन पर क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल सिंचाई सुविधा का विस्तार नहीं, बल्कि हजारों किसान परिवारों की खुशहाली और क्षेत्र के कृषि विकास की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि किसानों को आधुनिक सिंचाई सुविधाओं का लाभ मिले, खेती की लागत कम हो और आय में निरंतर वृद्धि हो।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, कौशल्या साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। परियोजना पूरी होने से क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा और कृषि आधारित आजीविका को नई मजबूती मिलेगी।








