Swearing in ceremony held for nominated councilors of Ambikapur Municipal Corporation: सरगुजा:अंबिकापुर (15 july 2026): आज छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव, कलेक्टर सरगुजा अजीत बसंत, महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, भाजपा वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर तथा पूर्व सभापति ललन प्रताप सिंह तथा वरिष्ठ नेताओं, एमआईसी सदस्यों व निगम पार्षदों सहित गणमान्यजनों की गरिमामय उपस्थिति में नगरपालिक निगम अंबिकापुर के मनोनीत पार्षदों (एल्डरमैन) का शपथ ग्रहण समारोह स्थानीय कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित किया गया।


कलेक्टर सरगुजा अजीत बसंत ने उपस्थित मनोनीत पार्षद करता राम गुप्ता, राज बहादुर शास्त्री, श्रीमती सावित्री जायसवाल, संतोष दास, रमेश जायसवाल, शरद सिन्हा तथा श्रीधर केशरी को एल्डरमैन पद के कर्तव्य निर्वहन की शपथ दिलाई। दो एल्डरमैन तेजिंदर बग्गा व श्रीमती किरण सोनी के अनुपस्थित होने के कारण उन्हें शपथ नहीं दिलाया सका।


Swearing in ceremony held for nominated councilors of Ambikapur Municipal Corporation
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह ने सभी मनोनीत पार्षदों को शुभकामनाएं दीं तथा आम जनता की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए निगम क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए दृढ़ता से लगे रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर अपने उद्बोधन में महापौर श्रीमती मंजूषा भगत ने सभी एल्डरमैन को बधाई देते हुए कहा कि अब निगम में आप सभी के आ जाने से मेरी टीम और मजबूत हो गई है।

इस अवसर पर भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि मनोनीत पार्षदों की निगम में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका होती है, आप जनता की आवाज बनकर सबकी उम्मीदों पर खरे उतरें, मेरी शुभकामनाएं। कार्यक्रम का संचालन व आभार प्रदर्शन निगम आयुक्त डी एन कश्यप ने किया। इस अवसर पर निगम पार्षदों सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें-“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने नवीन विधानसभा परिसर में लगाया पौधा








