अंबिकापुर। सरगुजा जिले में अडानी एंटरप्राइजेज के CSR कार्यों और तारा कोल ब्लॉक के आवंटन व खनन प्रक्रिया की अब जांच होगी। छत्तीसगढ़ राजभवन ने खनिज विभाग के सचिव को जांच के निर्देश दिए हैं। सामाजिक कार्यकर्ता सुजान बिंद की शिकायत के बाद राजभवन ने यह संज्ञान लिया है।
शिकायत में क्या-क्या उठाए गए सवाल
शिकायत में स्थानीय लोगों को रोजगार देने के दावों और जमीनी हकीकत पर सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि अडानी की ओर से 17 लाख पौधे लगाए जाने के दावे किए गए, जो पूरी तरह झूठे हैं। वहीं खदान क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधा के लिए कोई कार्य नहीं किया गया और न ही ग्रामीणों को शिक्षा की सुविधा दी गई।
CSR कार्यों के साथ तारा कोल ब्लॉक के आवंटन और खनन प्रक्रिया की भी जांच होगी। शिकायत में कोल ब्लॉक को लेकर ग्रामीणों के विरोध का मुद्दा भी उठाया गया है। राजभवन के अवर सचिव ने खनिज विभाग के सचिव को पत्र जारी कर संबंधित मामलों की जांच और विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जांच रिपोर्ट राजभवन को सौंपी जाएगी
जांच पूरी होने के बाद अपर सचिव के द्वारा जांच रिपोर्ट राजभवन को सौंपी जाएगी। इस रिपोर्ट में CSR कार्यों की वास्तविक स्थिति, रोजगार देने के दावों की सत्यता, पौधरोपण की प्रगति, स्वास्थ्य व शिक्षा सुविधाओं की उपलब्धता और तारा कोल ब्लॉक की प्रक्रिया शामिल होगी।


ग्रामीणों का विरोध
सरगुजा के इस क्षेत्र में कोयला खदानों को लेकर पहले भी विरोध प्रदर्शन हो चुके हैं। स्थानीय लोगों की ओर से नियमों और निर्धारित प्रक्रियाओं की अनदेखी कर नए कोल ब्लॉक शुरू करने की तैयारी किए जाने के आरोप लगाए जाते रहे हैं।
बड़ा सवाल
अब बड़ा सवाल है कि जांच में क्या खुलासे होते हैं और क्या कार्रवाई की जाती है। शिकायतकर्ता ने जांच में खानापूर्ति होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।








