Home राज्य छठ महापर्व की तैयारियों का मंत्री राजेश अग्रवाल ने लखनपुर सहित अम्बिकापुर...

छठ महापर्व की तैयारियों का मंत्री राजेश अग्रवाल ने लखनपुर सहित अम्बिकापुर का जायजा, तीनों घाटों का किया निरीक्षण

102
0
Minister Rajesh Agrawal reviewed the preparations for the grand Chhath festival in Ambikapur and Lakhanpur

लखनपुर, शंकर घाट, महामाया घाट और शिवधारी कॉलोनी छठ घाट पहुंचे पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री; स्वच्छता, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाएं समय पर दुरुस्त करने के दिए निर्देश

 

सरगुजा/अंबिकापुर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर अंबिकापुर शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शंकर घाट, महामाया घाट और गोधनपुर स्थित शिवधारी कॉलोनी छठ घाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल ने घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश, श्रद्धालुओं के आवागमन तथा पूजा-अर्चना के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि छठ महापर्व के दौरान घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं। विशेष रूप से स्वच्छता, रोशनी और सुरक्षित आवागमन पर ध्यान दिया जाए, ताकि व्रतियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। शंकर घाट के निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाट परिसर की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इसके बाद महामाया घाट पहुंचकर पूजा की तैयारियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। वहीं गोधनपुर स्थित शिवधारी कॉलोनी छठ घाट में भी व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार करने को कहा।

इस अवसर पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। व्रती कठिन नियमों और पूरी श्रद्धा के साथ भगवान सूर्य एवं छठी मैया की आराधना करते हैं। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी है कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए सभी छठ घाटों पर व्यवस्थाएं बेहतर बनाने तथा तैयारियों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
निरीक्षण के माध्यम से मंत्री ने स्पष्ट किया कि पर्व के आयोजन में व्यवस्थाओं की कमी नहीं रहनी चाहिए, ताकि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ छठ पूजा के धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कर सकें। वहीं लखनपुर के छठ घाट कि व्यवस्था सुरक्षा के इंतजामों का निरीक्षण कर दिशा निर्देश दिया।।इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here