सरगुजा/अंबिकापुर : सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित सरगवां के निजी बिरला ओपन माइंड्स स्कूल में नौवीं कक्षा के छात्र द्वारा हॉस्टल की दूसरी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या की कोशिश करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। छात्र के परिजनों द्वारा स्कूल प्रबंधन पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाने के बाद पुलिस ने प्रबंधन से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में स्कूल के मार्केटिंग हेड उत्कर्ष किरण, हॉस्टल वार्डन अवधेश शर्मा, असिस्टेंट डायरेक्टर सूरज मित्तल और एचआर कुणाल शामिल हैं। वहीं गंभीर रूप से घायल छात्र को बेहतर इलाज के लिए बनारस रेफर किया गया है।
दरअसल, पूरा मामला अंबिकापुर के सरगवां स्थित बिरला ओपन माइंड्स स्कूल का है, जहां बलरामपुर जिले के चलगली का रहने वाला नौवीं कक्षा का छात्र हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि छात्र हॉस्टल में नहीं रहना चाहता था और इसी बात को लेकर वह दो दिन पहले हॉस्टल से भाग गया था। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने छात्र को पकड़कर वापस हॉस्टल लाया और उसे दूसरी मंजिल स्थित एक कमरे में बंद कर दिया। इसी बात से नाराज होकर छात्र ने हॉस्टल की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। इस हादसे में छात्र की रीढ़ की हड्डी और पैर की हड्डी टूट गई। घटना के बाद छात्र को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए उसे बनारस रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद छात्र के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की थी। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अब इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने स्कूल प्रबंधन से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं पूर्व में भी इसी बिरला ओपन माइंड्स स्कूल में बच्चों के साथ दंडात्मक व्यवहार की खबरें सामने आ चुकी हैं। आरोप है कि यहां मैडम द्वारा बच्चों को पनिशमेंट के तौर पर कॉफी पर गली दिखाने और सौ बार मां की गली लिखवाने जैसी घटनाएं भी हो चुकी हैं। जहां एक तरफ शिक्षा को मंदिर कहा जाता है, वहीं इस स्कूल में बच्चों को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है, जो गंभीर चिंता का विषय है।
अरुण कुमार गुप्ता, छात्र के परिजन:
स्कूल प्रबंधन ने मेरे बच्चे को कमरे में बंद कर धमकाया, जिससे वह दूसरी मंजिल से कूद गया। हमने पुलिस से शिकायत की, तभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
फिलहाल इस पूरे मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है, यह तो देखने वाली बात होगी। पुलिस की जांच जारी है और घायल छात्र की हालत पर भी नजर रखी जा रही है।








