Rajmata Devendra Kumari Singhdev Medical College recruitment cancelled: सरगुजा: राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव मेडिकल कॉलेज, अंबिकापुर द्वारा वर्ष 2022-23 में तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी पदों के लिए निकाले गए भर्ती विज्ञापन को निरस्त कर दिया गया है, जिससे बेरोजगार युवाओं में जबरदस्त आक्रोश देखा जा रहा है। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि अब इन पदों पर नई भर्तियां छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) के माध्यम से की जाएंगी।
Rajmata Devendra Kumari Singhdev Medical College recruitment cancelled
मेडिकल कॉलेज में लंबे समय से कर्मचारियों की कमी देखी जा रही है। इसी कमी को पूरा करने के लिए वर्ष 2022 में 383 पदों के लिए भर्ती विज्ञापन जारी किया गया था। बड़ी संख्या में युवाओं ने निर्धारित शैक्षणिक योग्यता और आवेदन शुल्क के साथ आवेदन पत्र भेजे, लेकिन प्रक्रिया कभी पूरी नहीं हो पाई। समय-समय पर विज्ञापन की तिथि बढ़ाई गई और नए अभ्यर्थियों ने भी आवेदन किए, लेकिन पात्र-अपात्र सूची तक जारी नहीं हुई।
युवाओं का गुस्सा और आवेदन शुल्क विवाद
तीन वर्षों से ज्यादा का समय गुजर जाने के बाद भी भर्ती निरस्त हो गई, जिससे बेरोजगार युवा खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। युवाओं का आरोप है कि करोड़ों रुपये आवेदन शुल्क के नाम पर वसूले गए, लेकिन इस राशि का अब तक कोई सार्वजनिक ब्यौरा नहीं दिया गया। कई युवाओं ने स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात कर पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता और आवेदन शुल्क वापसी की मांग भी उठाई है।
कॉलेज प्रशासन और स्वास्थ्य मंत्री ने भर्ती प्रक्रिया की समीक्षा का आश्वासन दिया है। अधिकारियों का कहना है कि व्यापम के जरिए भर्तियां जल्द की जाएंगी ताकि कॉलेज में कर्मचारियों की कमी दूर हो सके। हालांकि, नई प्रक्रिया की तारीख और पुराने अभ्यर्थियों के साथ न्याय की व्यवस्था को लेकर अभी भी असंतोष बरकरार है।
सरगुजा संभाग के इकलौते मेडिकल कॉलेज में कर्मचारियों की कमी और रोजगार प्रक्रिया को लेकर बेरोजगार युवाओं का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। आवेदन शुल्क की राशि को लेकर पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग पर सार्वजनिक जवाब अब तक नहीं मिला है।
यह भी पढ़ें-अंबिकापुर : त्रुटि सुधार के नाम पर 50 हजार रुपये रिस्वत मांगने का आरोप