Elderly Care Centre launched at Korea District Hospital under Sian Gudi initiative: कोरिया: “सियान गुड़ी” पहल के अंतर्गत जिला अस्पताल परिसर में प्रदेश का पहला बुजुर्ग स्वास्थ्य एवं देखभाल केंद्र शुरू किया गया है। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर यह अत्याधुनिक केंद्र बैकुंठपुर में विधायक भईयालाल राजवाड़े और कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। यह केंद्र बुजुर्गों की देखभाल और स्वास्थ्य सेवा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
विधायक भईयालाल राजवाड़े ने उद्घाटन के दौरान कहा कि वृद्धजन दिवस के दिन कोरिया जिले को यह स्वास्थ्य केंद्र एक अमूल्य उपहार के समान मिला है। उन्होंने बताया कि हमारे बुजुर्ग समाज और परिवार के आधार स्तंभ हैं। उन्होंने जीवन भर अपने कर्तव्य और परिवार की सेवा में योगदान दिया है। ऐसे बुजुर्गों के लिए यह केंद्र अत्यंत सहायक होगा क्योंकि यहां उन्हें जांच से लेकर उचित दवा और उपचार की सुविधा एक ही जगह मिलेगी। विधायक ने बुजुर्गों का सम्मान करते हुए कहा कि उनकी सेवा में यह केंद्र एक मील का पत्थर साबित होगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह ने बताया कि इस बुजुर्ग स्वास्थ्य केंद्र को अत्याधुनिक उपकरणों से लैस किया गया है। इसमें ट्राइसाइकिल, बैलेंस बोर्ड, फुट मसाजर, पैरेलल बार, स्टेयर क्लाइंबिंग, ट्रेडमिल, मसाज चेयर, ट्रैक्शन और वैक्स बाथ जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा, फिजियोथेरेपी और पंचकर्म जैसी सेवाएं भी बुजुर्गों के लिए केंद्र में उपलब्ध होंगी। इससे बुजुर्गों को अलग-अलग जगह भटकने की आवश्यकता नहीं रहेगी।
कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने कहा कि वृद्धावस्था में सबसे बड़ी समस्या दर्द और भीड़ होती है। जैसे जैसे उम्र बढ़ती है, घुटनों, एड़ियों और शरीर के अन्य हिस्सों में कई प्रॉब्लम होती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए यह केंद्र बनाया गया है ताकि बुजुर्गों को सहज और समय पर इलाज मिल सके। उन्होंने बताया कि यह केंद्र महज डेढ़ माह के भीतर बना है और अब पूरी तरह कार्यरत है।
कलेक्टर ने बुजुर्गों से अपील की कि वे इस केंद्र की जानकारी अपने आस-पड़ोस के अन्य वृद्धजनों तक भी पहुंचाएं। साथ ही उन्होंने ‘वयोवृद्ध एक्सप्रेस’ योजना का भी उल्लेख किया, जिसके तहत वे बुजुर्ग जो अस्पताल आ नहीं पाते, उनके घर जाकर जांच और उपचार की सुविधा प्रदान की जाएगी।
Elderly Care Centre launched at Korea District Hospital under Sian Gudi initiative
इस अवसर पर विधायक और कलेक्टर ने बुजुर्गों को पुष्प, शाल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने नई पीढ़ी से अपील की कि वे बुजुर्गों के साथ आत्मीय संवाद बनाए रखें और उनकी देखभाल सुनिश्चित करें। साथ ही स्वास्थ्य जागरूकता के लिए जनसमूह में संदेश पहुंचाने की भी बात कही गई।
‘आरोग्यम निकुष्ठ कोरिया अभियान’
डॉ. प्रशांत सिंह ने बताया कि 2 से 8 अक्टूबर तक कोरिया जिले में ‘आरोग्यम निकुष्ठ कोरिया अभियान’ भी चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत कुष्ठ रोग के लक्षण, बचाव, जांच और उपचार से संबंधित जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य रोगों के प्रति भ्रांतियों को दूर करना और सार्वजनिक स्वास्थ्य में सुधार लाना है।
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर समाज कल्याण विभाग की ओर से जिले के कई बुजुर्गों को छड़ी और अन्य सहायक उपकरण भी वितरित किए गए। इस से वृद्धजनों को जीवन के अंतिम पड़ाव में सरलता और सुविधा मिली है।
कोरिया जिले का यह बुजुर्ग स्वास्थ्य एवं देखभाल केंद्र स्वास्थ्य सेवाओं को एक नई दिशा देगा। बुजुर्गों की स्वस्थ्य समस्याओं को ध्यान में रखते हुए इसे इस तरह डिजाइन किया गया है कि सभी आवश्यक सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध हों। यह केंद्र बुजुर्गों को न केवल इलाज उपलब्ध कराएगा, बल्कि उनकी देखभाल, पुनर्वास और जीवन गुणवत्ता में सुधार भी करेगा।
इस केंद्र के सफल संचालन के बाद जिले में बुजुर्गों के लिए और भी बेहतर सेवाओं के विस्तार की योजना बनाई गई है। सरकार बुजुर्गों के लिए विशेष योजनाएं और सुविधाएं विकसित करने में लगी है, जो उनकी शारीरिक, मानसिक और सामाजिक आवश्यकताओं को पूरा करेंगी।
कोरिया जिले में शुरू हुआ यह बुजुर्ग स्वास्थ्य एवं देखभाल केंद्र न केवल बुजुर्गों के लिए सुविधा का केंद्र होगा, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में वृद्धजनों को समर्पित एक मॉडल के रूप में स्थापित होगा। यह पहल बुजुर्गों के जीवन को सुखद और स्वास्थ्यपूर्ण बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे वे सम्मान और अच्छी देखभाल के साथ जीवन बिता सकेंगे। इस तरह की परियोजनाएं समाज के सभी वर्गों में एकजुटता और संवेदनशीलता बढ़ाने का काम करती हैं, जो स्वस्थ और प्रगतिशील समाज के लिए आवश्यक है।
यह भी पढ़ें-सूरजपुर: उल्टी-दस्त प्रभावित ग्रामीणों से महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की मुलाकात