ED Raid at Bhupesh Baghel’s Residence: दुर्ग -भिलाई: भिलाई-3 में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निजी आवास पर शुक्रवार सुबह लगभग 6:30 बजे प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने छापेमारी की। यह कार्रवाई कथित शराब घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में हो रही जांच के तहत की गई है। इस मामले में भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल का भी नाम सामने आया है। ED की टीम सीआरपीएफ जवानों के साथ कई गाड़ियों में पहुंची और घर की तलाशी ली।
ED Raid at Bhupesh Baghel’s Residence
इस छापेमारी से छत्तीसगढ़ की राजनीति में खलबली मच गई है। छापे के वक्त भूपेश बघेल भी घर पर मौजूद थे। उन्होंने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर लिखा कि आज विधानसभा सत्र का आखिरी दिन था और वे तमनार में पेड़ों की कटाई को लेकर सरकार से सवाल उठाना चाहते थे। पर इसके पहले ही उनके घर ED पहुंच गई।
इससे पहले मार्च 2025 में भी ED ने बघेल के कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस मामले की जांच प्रधानमंत्री धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत हो रही है। ED का कहना है कि 2019 से 2022 के बीच शराब घोटाले में राज्य को भारी नुकसान हुआ है, करीब 2,100 करोड़ रुपये का गबन हुआ है। कई अधिकारी, राजनेता और आबकारी विभाग के लोग इस मामले में आरोपी हैं।
मार्च 2025 तक इस घोटाले में लगभग 3,200 करोड़ रुपये की अनियमितता पकड़ी गई है। कई आबकारी अधिकारियों और अन्य लोगों के खिलाफ आरोप पत्र भी दायर किए जा चुके हैं।
जांच अभी भी जारी है और ED की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। कांग्रेस पार्टी और भूपेश बघेल के समर्थकों ने इस छापेमारी का विरोध किया है।
यह भी पढ़ें- सरगुजा: आदिवासी बहुल गांवों में शराब पर कार्रवाई के नाम पर वसूली के आरोप