Action on Negligence: सरगुजा : सरगुजा जिले के रघुनाथपुर इलाके में एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है, जहां तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की जान चली गई। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की गंभीर अनदेखी और संवेदनहीनता उजागर हुई। पीड़ित परिवारों ने आरोप लगाया कि पोस्टमार्टम के लिए उनसे 20 हजार रुपये की मांग की गई, साथ ही शव वाहन भी उपलब्ध नहीं कराया गया, जिस वजह से उन्हें बच्चों के शव बाइक से घर ले जाने को मजबूर होना पड़ा।
Action on Negligence बीएमओ डॉ. राघवेंद्र चौबे को निलंबित
घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए। जांच में लापरवाही और भ्रष्टाचार की पुष्टि होने पर धौरपुर के बीएमओ डॉ. राघवेंद्र चौबे को निलंबित कर दिया गया। वहीं, रघुनाथपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ मेडिकल ऑफिसर डॉ. अमन जायसवाल को हटाने का आदेश जारी किया गया है।
परिवारों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान
प्रशासन ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए दोनों परिवारों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। इस मामले ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और संवेदनहीनता पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जिम्मेदार कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, सभी स्वास्थ्य केंद्रों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी आपात स्थिति में पीड़ितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी रोष है और वे दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
यह भी पढ़ें-सरगुजा संभाग के कोरिया जिले में आधुनिक मधुमक्खी पालन से जैविक सोनहनी शहद उत्पादन में क्रांति